Header Ads

चारडोंगरी में गांजा बिक्री का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; 5.974 किलो गांजा समेत 3.48 लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त


कबीरधाम पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, 25,150 रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और दो मोबाइल फोन भी जब्त

कबीरधाम। जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए कबीरधाम पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में थाना पिपरिया पुलिस, साइबर थाना पुलिस एवं ए.एन.टी.एफ. की संयुक्त टीम ने ग्राम चारडोंगरी में गांजा बिक्री के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.974 किलोग्राम गांजा, बिक्री की रकम 25,150 रुपये, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 3 लाख 48 हजार 850 रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर दी गई दबिश

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को थाना पिपरिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चारडोंगरी निवासी संतलाल साहू अपने मकान में अवैध रूप से गांजा की बिक्री कर रहा है। सूचना से तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के दिशा-निर्देश पर संयुक्त पुलिस टीम गठित कर गांव में दबिश देने के लिए रवाना किया गया।

मकान की तलाशी में मिला गांजा

संयुक्त पुलिस टीम ने संतलाल साहू के मकान में छापामार कार्रवाई करते हुए तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे में रखे बैग से गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से कुल 5.974 किलोग्राम गांजा, 25,150 रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और दो मोबाइल फोन जब्त किए। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं श्री अमित कुमार पटेल, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री आशीष शुक्ला तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अजाक/क्राइम श्री प्रशांत देवांगन के नेतृत्व और मार्गदर्शन में थाना पिपरिया पुलिस, साइबर थाना पुलिस एवं ए.एन.टी.एफ. की संयुक्त टीम शामिल रही।

कबीरधाम पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

शेयर करें:

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.