Header Ads

नवा रायपुर के इंद्रावती भवन की लिफ्ट में मचा हड़कंप, 30 मिनट तक फंसे अधिकारी-कर्मचारी


नवा रायपुर। राजधानी नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक लिफ्ट अचानक तेज झटके के साथ बीच रास्ते में रुक गई। लिफ्ट में मौजूद अधिकारी-कर्मचारी अचानक आई इस तकनीकी खराबी से घबरा गए और करीब 30 मिनट तक लिफ्ट के अंदर फंसे रहे।

बताया जा रहा है कि लिफ्ट सामान्य रूप से चल रही थी, तभी अचानक तेज झटका लगा और लिफ्ट बीच मंजिल में रुक गई। अंदर मौजूद लोगों ने मदद के लिए सूचना दी। काफी देर तक लिफ्ट के नहीं खुलने से वहां मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों में चिंता का माहौल बन गया।

करीब 30 मिनट बाद लिफ्ट को किसी तरह खोला गया, जिसके बाद अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना के बाद इंद्रावती भवन में लिफ्ट की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि सरकारी भवन में बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी रोजाना लिफ्ट का इस्तेमाल करते हैं, ऐसे में लिफ्ट की नियमित जांच और रखरखाव बेहद जरूरी है।

फिलहाल लिफ्ट में खराबी आने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। संबंधित विभाग द्वारा तकनीकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

शेयर करें:

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.